ईटों की गुणवत्ता देख डीएम का पारा चढ़ा, ठेकेदार पर एफआईआर के निर्देश
बदायूँ। डीएम ने एडीएम एफआर के साथ नगर पंचायत सखानूं के अन्तर्गत कराए जा रहे नाले के निर्माण का निरीक्षण किया तो इसमें लगने वाली ईट की गुणवत्ता बहुत ही खराब स्थिति में पाई गई। डीएम ने ईट से ईट बजवाई
तो तुरन्त ही टूट गई। यह देख डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर एवं जेई से स्पष्टीकरण के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा इंटरलाॅकिंग का भी निरीक्षण किया। इसमें लगने वाली ईट को देख संतोष व्यक्त किया।
शुक्रवार को जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के साथ नगर पंचायत सखानूं का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां सम्पत्ति एवं उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। ईओ मु0 रज़ा ने डीएम को अवगत कराया कि 10 वार्ड हैं और 25 सफाई कर्मचारी हैं। 6 सामुदायिक शौचालय बन गए है एवं चालू भी है।
पेयजल की व्यवस्था के बारे में दिन में 3 बार पेयजल आपूर्ति की जाती है। दो ओवरहैड टैंक है, जो कि चालू हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में अवगत कराया कि 114 पहली एवं द्वितीय किश्त आ चुकी है लेकिन तृतीय किश्त नहीं आई है। डीएम ने आवासों के निर्माण स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने निर्देश दिए है कि जहां-जहां भी अवैध अतिक्रमण है, नोटिस जारी कर जल्द से जल्द हटवाया जाए। किसी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हाउस टैक्स के सम्बंध में पूछने पर ईओ द्वारा अवगत कराया गया कि हाउसटैक्स लागू नहीं है। बोर्ड की बैठक में पास कराकर हाउसटैक्स लगा दिया जाएगा। वाटर टैक्स की वसूली लगातार चल रही है। वाहनों के बारे में बताया गया कि एक टेक्टर, दो टिपर एवं ट्राॅली है। डीएम ने ईओ को निर्देश दिए कि परिसर पर रखे कबाड़ की नीलामी की जाए। रजिस्टर में जिन कर्मचारियों के हस्ताक्षर नहीं थे,
उनके सम्बंध में पूछने पर ईओ ने बताया कि यह कर्मचारी सुबह से अपने काम पर चले जाते हैं वापस आकर दोपहर को हस्ताक्षर करते हैं। नाले के निर्माण कार्य को देखकर निर्देश दिए कि इसकी जांच कर ली जाए। कार्य गुणवत्तानुसार ही होना चाहिए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। इसमें लग रही ईटो की गुणवत्ता देख नाराजगी व्यक्त की। इसके अलावा इंटरलाॅकिंग में प्रयोग की जाने वाली पेवर ब्रिक चेक की तो इसकी गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।