शहर में सजीं होलिकाएं, आज होगा दहन

 *


शहर में सजीं होलिकाएं, आज होगा दहन*


रिपोर्ट - रोहित गौतम


न्यूज़- पीलीभीत



पीलीभीत : शहर में विभिन्न स्थानों पर होलिका सजाई जाने लगी है। रविवार की रात शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया जाएगा। संवेदनशील होलिका स्थलों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। अति संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।


पूरे जिले में कुल 1261 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। इन सभी जगहों पर होलिका सजाई जा रही है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में 79 तथा सदर कोतवाली क्षेत्र में 72 स्थानों पर होलिका सजाई गई हैं। होली के मद्देनजर 29 गांव संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं। वहां पुलिस को अलर्ट किया गया है। ऐसे होलिका स्थलों के पास सुरक्षा के लिए पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है। जो होलिका स्थल मिश्रित आबादी वाले इलाकों में हैं, वहां पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। शहर में कमल्ले चौराहा, मुहल्ला डालचंद, मुहल्ला बेनी चौधरी, लाल रोड, मदीना शाह, देशनगर, बाग गुलशेर खां, जाटों का चौराहा, लेखराज चौराहा, छोटा खुदागंज, रंगीलाल चौराहा, राजकीय आयुर्वेदिक कालेज चौराहा, मस्जिद पठानी, शेरों वाली मठिया, खैरुल्ला शाह आदि स्थानों पर विशेष सुरक्षा रहेगी। अपर पुलिस अधीक्षक डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी के अनुसार होली पर्व पर सुरक्षा इंतजाम सख्त रहेंगे। संवेदनशील इलाकों पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। सभी लोग कोविड के नियमों का पालन करते हुए होली का पर्व आपसी भाईचारा के साथ मनाएं।