: होली नजदीक आते ही मिलावटी शराब के धंधेबाज सक्रिय, छह गिरफ्तार
रिपोर्ट- रोहित गौतम
न्यूज़ - पीलीभीत
माधोटांडा (पीलीभीत)। होली के नजदीक आते ही मिलावटी शराब का धंधा पनपने लगा है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम कलीनगर की अगुवाई में आबकारी और पुलिस टीम ने माधोटांडा थाना क्षेत्र में नवदिया सुखदासपुर और दो कलीनगर के वार्ड नंबर दो में छापा मारा। यहां से मिलावटी शराब बनाते छह लोग पकड़े। उनके पास से देसी शराब के नकली ढक्कन, खाली पौवे, क्यूआरकोड बरामद हुए। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कलीनगर एसडीएम योगेश कुमार गौड़ की अगुवाई में आबकारी निरीक्षक दीपेंद्र त्रिपाठी, माधोटांडा के एसएसआई उत्तम कुमार ने टीम के साथ शनिवार को पहले कलीनगर के वार्ड नंबर दो में हरप्रसाद के मकान में छापा मारा। यहां से हरप्रसाद को धर दबोचा। उसके कब्जे से 82 पौवे देसी शराब के (झूम मार्का ) बरामद हुए। यहां से हरप्रसाद, वार्ड नंबर सात के निवासी विमल गुप्ता, वार्ड नंबर दो के ईश्वरी दयाल तीन लोगों को पकड़ा। इसके बाद टीम ने नवदिया सुखदासपुर गांव में महेश के मकान में छापा मारा। यहां से पुलिस ने 170 खाली पौवे, 335 नकली क्यूआरकोड, 428 ढक्कन, 70 पेटी झूम मार्का शराब बरामद की। इसके अलावा पांच पेटी विंडीज की देसी शराब बरामद की। मौके से महेश, उसका बेटा नीरज, पत्नी निर्मला तीन लोगों को गिरफ्तार किया। सभी को पकड़कर माधोटांडा थाने लाया गया। फिर रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।
[3:42 PM, 3/28/2021] ROHIT GAUTAM ( R....S): मिलावट कर खाली पौवे में भरकर बेचने की थी योजना
आबकारी निरीक्षक दीपेंद्र त्रिपाठी के अनुसार पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह देसी शराब को मिलावट करके खाली पौवों में भरते थे। उसके बाद उसे होली पर डिमांड बढ़ते ही बेचने की योजना थी। वह पानी की मिलावट भी कर दिया करते थे। क्यूआर कोड और देसी शराब के झूम मार्का के ढक्कन लगाकर अधिक कीमत वसूलते। बंदी के दिन बिक्री अधिक दाम पर आसानी से हो जाती।
पहले भी पकड़ी जा चुकी है मिलावटी शराब
वैसे तो जिले में कच्ची शराब का धंधा काफी पुराना है। मगर मिलावटी शराब की होली के नजदीक आते ही बिक्री बढ़ जाती है। दो साल पहले बरखेड़ा क्षेत्र में अंग्रेजी शराब के एक ब्रांड की मिलावटी शराब बनाते एक व्यक्ति को पकड़कर जेल भेजा गया था। वह दिल्ली की सस्ती शराब को दूसरे ब्रांड की शराब के नाम पर बेचता। उस वक्त यह भी सामने आया था कि मिलावटी शराब की सप्लाई सरकारी ठेकों पर भी की जानी थी। इसके अलावा देसी शराब के ठेकों पर पूरनपुर और गजरौला में पिछले साल कच्ची शराब को देसी शराब के पौवों में भरकर बेचने का मामला भी पकड़ा गया था।
होली को देखते हुए कच्ची शराब और मिलावटी शराब दोनों को लेकर ही निगरानी कराई जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम की अगुवाई में माधोटांडा क्षेत्र में कार्रवाई की गई थी। छह लोगों को पकड़कर कार्रवाई की गई है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। - पुलकित खरे, डीएम