जनपद शाहजहांपुर में डांसर ने रुपये लेने से किया इनकार तो तमंचे से किया फायर*

 जनपद शाहजहांपुर में डांसर ने रुपये लेने से किया इनकार तो तमंचे से किया फायर*


जनपद शाहजहांपुर से जितेंद्र कुमार कश्यप की रिपोर्ट


शाहजहांपुर। मिर्जापुर थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव में नामकरण संस्कार की डांस पार्टी के दौरान फायरिंग हो गई। डांस कर रही युवती से एक ग्रामीण ने स्टेज से नीचे उतरकर इनाम के रुपये ले जाने की जिद की। डांसर के इनकार करने पर आपा खोए ग्रामीण ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवती की बजाय जिला हरदोई के साथी कलाकार के हाथ में लगी। पुलिस ने आरोपी को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया है। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया है।

गांव पृथ्वीपुर निवासी प्रदीप कुशवाहा के पुत्र का नामकरण संस्कार था। प्रदीप ने पार्टी में हरदोई के पचदेवरा थाना क्षेत्र के गांव आमतारा से दो डांसर व हास्य कलाकार बुलाए थे। रात करीब साढ़े 11 बजे डांस हो रहा था। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए थे। गांव के राम निवास यादव ने नर्तकी को इनाम देने के लिए नोट दिखाते हुए उससे स्टेज से नीचे आकर नोट लेने की जिद की। नर्तकी के मना कर देने पर आरोपी आगबबूला हो गया। उसने तमंचा निकालकर गाली देते हुए नर्तकी पर फायर कर दिया।



नर्तकी तो बाल-बाल बच गई, लेकिन गोली स्टेज पर दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हास्य कलाकार दयाराम (35) पुत्र मोहन निवासी ग्राम उदयपुर, थाना पचदेवरा, जिला हरदोई की बाजू को चीरती हुई निकल गई। गोली चलते ही ग्रामीणों और कलाकारों में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और घायल कलाकार को अस्पताल भेजने के बाद रात में ही दबिश देकर रामनिवास यादव को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि घायल के साथी रवि ने मिर्जापुर थाने में रामनिवास यादव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी पुलिस गिरफ्त में है।