*यूपी दिवस पर नगर को अमृत सरोवर की सौगात*
*केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने किया लोकार्पण, नगर को किया समर्पित*
लखीमपुर खीरी 26 जनवरी। उप्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रंखला एवं गणतंत्र दिवस के पुनीत अवसर पर लखीमपुर के बाशिंदों को अमृत सरोवर की सौगात मिली। गुरुवार को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने विधायक सदर योगेश वर्मा, ब्लाक प्रमुख दिव्या सिंह, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ अनिल सिंह की मौजूदगी में फीताकाटकर, शिलापट का अनावरण कर पूजन अर्चन करते हुए लोकार्पण किया। इस अमृत सरोवर का निर्माण क्षेत्र पंचायत लखीमपुर ने कराया।
केंद्रीय मंत्री ने राजापुर परिषदीय विद्यालय के नौनिहालों को बिस्किट, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री के साथ साथ शैक्षिक गतिविधियों के लिए स्केच, पेंसिल सहित अन्य सामग्री भी वितरित की।
केंद्रीय मंत्री ने 74वें गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि इस बार का गणतंत्र दिवस इसलिए भी खास है क्योंकि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। लंबे संघर्ष के बाद देश को आजादी मिली। पीएम के नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। पीएम के आवाह्नन पर अमृत सरोवर का निर्माण देशभर में एक जन-आंदोलन बन गया। इस अभियान के तहत, कई जगहों पर, पुराने तालाबों का भी कायाकल्प किया जा रहा।
उन्होंने कहा कि भारत एक युवा देश है। दुनिया की सारी एजेंसियों ने यह मान लिया है कि यह सदी भारत की होने वाली है। आप सब राष्ट्र के निर्माण में लग जाइए। गणतंत्र दिवस के अवसर पर संकल्प लीजिए कि भारत को गणतंत्र के रूप में पूरी दुनिया में एक सम्मानित राष्ट्र के रूप में स्थापित करेंगे और पूरी दुनिया बोलेगी भारत माता की जय, ऐसी सरोकार को लेकर काम करें।
डीएम ने कहा कि यह अमृत सरोवर शहर की खूबसूरती को चार चांद लगाएगा, जहां लोग न केवल मॉर्निंग वॉक करेंगे बल्कि यह उनके लिए आनंद का बेहतर स्थान बनकर उभरेगा। यहा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण भी होगा। सीडीओ ने अबतक जिले में बनाए गए अमृत सरोवरों की प्रगति बताई। यूपी में अमृत सरोवर के मामले में खीरी ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
*केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने अमृत सरोवर पर किया ध्वजारोहण*
राजापुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित सुंदर, आकर्षक नवनिर्मित अमृत सरोवर परिसर में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री भारत सरकार अजय मिश्र टेनी ने अन्य जनप्रतिनिधियों एवं शुरू की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया और देशभक्ति से ओतप्रोत नारों लगाए गए, जिससे पूरा वातावरण आनंदित हो उठा।
कार्यक्रम में डीसीबी चेयरमैन विनीत मनार, ब्लाक प्रमुख दिव्या सिंह, सांसद प्रतिनिधि जीतेंद्र त्रिपाठी, पीडी केके पांडेय, डीडीओ अरविंद कुमार, डीसी मनरेगा विपिन चौधरी, बीडीओ पीयूष सिंह, जेई प्रदीप वर्मा सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
