रोहतास में डीएम ने नगर निकायों की समीक्षा बैठक: बाजारों व बस स्टैंड में महिलाओं के लिए शौचालय निर्माण कराने का दी निर्देश, त्योहार से पहले खराब लाइटों को ठीक कराने का निर्देश
रोहतास में डीएम ने नगर निकायों की समीक्षा बैठक: बाजारों व बस स्टैंड में महिलाओं के लिए शौचालय निर्माण कराने का दी निर्देश, त्योहार से पहले खराब लाइटों को ठीक कराने का निर्देश
रोहतास (बिहार)। डीएम उदिता सिंह की अध्यक्षता में आज नगर निकायों के अंतर्गत आय-व्यय, विभिन्न कार्यों के निष्पादन, प्रदत नागरिक सुविधाओं, बस स्टैण्ड, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, वेंडिंग जोन, आगामी त्योहारों की तैयारी एवं संचालित विकासात्मक कार्यों की समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त-सह-नगर आयुक्त सासाराम, उप नगर आयुक्त सासाराम, सभी कार्यपालक पदाधिकारी, सासाराम मेयर, सासाराम उप मेयर एवं नगर पंचायत व नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में नगर निकायों अंतर्गत अधिष्ठापित स्ट्रीट लाइटों की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में नगर निगम सासाराम अंतर्गत अधिष्ठापित कुल 8974 स्ट्रीट लाइटों में 3300 लाइट, नगर परिषद डिहरी में 12722 लाइट में 10677 लाइट, नगर परिषद नोखा में 2745 लाइट में 2404 लाइट, नगर परिषद बिक्रमगंज में 4237 लाइट में 2175 लाइट, नगर पंचायत नासरीगंज में 1105 लाइट में 692 लाइट, नगर पंचायत कोआथ में 1150 लाइट में 787 लाइट एवं नगर पंचायत कोचस में 1769 लाइट में 220 लाइट क्रियाशील पाए गए। डीएम द्वारा निर्देश दिया गया है कि त्योहारों से पूर्व सभी अक्रियाशील लाइटों को क्रियाशील कराया जाना सुनिश्चित करें। यदि इस कार्य में कोई भी वेंडर लापरवाही या विलंब करे तो इसके हेतु नगर निकाय वैकल्पिक व्यवस्था के प्रावधानों के साथ कार्यों को पूर्ण कराएं।
डीएम ने सभी नगर निकाय बस स्टैण्ड एवं वेंडिंग जोन बनाए जाने हेतु एक महीने के अंदर जमीन चिन्हित कर अग्रेतर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। शहरी क्षेत्र में बस स्टैण्ड एवं ऑटो स्टैण्ड आस-पास ही बनाए जाएं, ताकि आम नागरिकों को आने-जाने में कठिनाई ना हो। यह सुनिश्चित किया जाए कि नगर निकाय अंतर्गत सभी वार्डों, बाजारों, हाटों इत्यादि क्षेत्र में कचरा उठाव एवं साफ-सफाई का कार्य निरंतर होता रहे। इसके लिए कहीं से भी शिकायत प्राप्त ना हों।
डीएम ने कहा कि नगर निकाय अंतर्गत डंपिंग-यार्ड हेतु एक महीने के अंदर जमीन चिन्हित करते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जाए। नगर निकायों अंतर्गत बाजारों, हाटों, बस स्टैण्ड इत्यादि स्थानों पर महिलाओं हेतु शौचालय का निर्माण कराया जाए। नगर निकाय अंतर्गत अवस्थित जल-संरचनाओं, छठ घाटों को त्योहार पूर्व साफ-सफाई करना सुनिश्चित करें। यह ध्यान रखा जाए कि जिन जल-संरचानाओं में मूर्ति विसर्जन का कार्य हो वहां पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना ना हो। इसके लिए बैरीकेडिंग की जाए।
