एटीएम मशीन से 12 लाख रुपये की चोरी का मामला पुलिस ने सुलझाया

एटीएम मशीन से 12 लाख रुपये की चोरी का मामला पुलिस ने सुलझाया 

फरीदाबाद । हरियाणा के फरीदाबाद में एक एटीएम मशीन से 12 लाख रुपये चोरी होने का मामला पुलिस के सामने आया  पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि 29 नवंबर की रात पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ओल्ड फरीदाबाद की भूड़ कॉलोनी स्थित एटीएम से 12 लाख रुपये चोरी हो गए हैं। थाना ओल्ड प्रभारी और क्राइम ब्रांच सेक्टर 56 प्रभारी मौके पर पहुंचे। इस संबंध में बैंक मैनेजर से संपर्क किया गया। 30 नवंबर को ओल्ड फरीदाबाद थाने में राजीव कुमार पाठक निवासी बाबा सूरदास कॉलोनी, तिलपत फरीदाबाद की ओर से एटीएम मशीन से पैसे निकलने की शिकायत मिली। शिकायत में उन्होंने बताया कि वह एटीएम में कैश डालने वाली कंपनी में काम करते हैं। 

बीते 29 नवंबर की शाम को फोन पर सूचना मिली कि एटीएम से पैसे निकाले गये हैं. इसके बाद जब वे बाकी कैश निकालने गए तो मशीन में 12 लाख रुपये की जगह सिर्फ 10,500 रुपये निकले। पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर 56 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में संदीप और चंदन का नाम शामिल है।

 आरोपी संदीप इस्माइलपुर पल्ला और आरोपी चंदन मदनपुर खादर दिल्ली के रहने वाले हैं।  पूछताछ में पता चला कि आरोपी संदीप 4 साल से कंपनी में काम कर रहा था और दोनों आरोपी दोस्त हैं। योजना के मुताबिक, संदीप ने चंदन को एटीएम मशीन से पैसे निकालने में शामिल कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे किया गया और इसे चोरी की घटना का रूप देने के लिए कहा गया।  इसके लिए उसने 50 हजार रुपये देने का वादा किया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी संदीप को इस्माइलपुर से और चंदन को बदरपुर बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप अब तक 12 लाख रुपये का गबन कर चुका है।