हरियाणा विधानसभा में हंगामा, मंत्री विपुल गोयल पर अभद्र भाषा का आरोपकांग्रेस विधायक वेल तक पहुंचे, सदन से वॉकआउट
हरियाणा विधानसभा में हंगामा, मंत्री विपुल गोयल पर अभद्र भाषा का आरोपकांग्रेस विधायक वेल तक पहुंचे, सदन से वॉकआउट।
हरियाणा विधानसभा के विंटर सेशन के तीसरे दिन सदन में उस समय भारी हंगामा हो गया, जब कांग्रेस विधायकों ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया। आरोपों के बीच कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए सदन के वेल तक पहुंच गए और बाद में कार्यवाही का बहिष्कार करते हुए वॉकआउट कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए स्पीकर हरविंद्र कल्याण को सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी पूरा विवाद भाजपा विधायक रामकुमार कश्यप द्वारा चुनाव सुधार पर चर्चा के प्रस्ताव के दौरान शुरू हुआ, जिस पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया। इसी दौरान संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा की टिप्पणी और उंगली दिखाकर बात करने को लेकर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आपत्ति दर्ज कराई और इसे संसदीय मर्यादाओं के विपरीत बताया।कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी कांग्रेस का आक्रोश शांत नहीं हुआ। कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया है। इस पर मंत्री विपुल गोयल ने सदन में खड़े होकर आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी तरह की अभद्र या असंसदीय भाषा का इस्तेमाल नहीं किया है, हालांकि यदि किसी सदस्य को उनकी किसी बात से ठेस पहुंची है तो वे खेद प्रकट करते हैं कांग्रेस द्वारा बार-बार सदन की कार्यवाही में बाधा डालने और चर्चा में भाग न लेने को लेकर संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा ने निंदा प्रस्ताव पेश किया, जिसे सदन ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। इसके साथ ही सत्ता पक्ष ने विपक्ष के रवैये को गैर-जिम्मेदाराना करार दिया।इसी सत्र के दौरान लंच के बाद हरियाणा विधानसभा (वेतन, भत्ता और पेंशन) संशोधन विधेयक-2025 भी सदन में पेश किया गया। मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा रखे गए इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया, जिसके तहत राज्य के पूर्व विधायकों को अतिरिक्त आर्थिक राहत प्रदान की जाएगी सत्र के दौरान अन्य मुद्दों पर भी तीखी बहस देखने को मिली। विशेषाधिकार प्रस्ताव, नूंह में जलभराव की समस्या और विपक्ष के सवालों को लेकर सत्ता पक्ष और कांग्रेस के बीच टकराव बना रहा। वहीं जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट खराब स्वास्थ्य के चलते सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हो सकीं, जिसकी जानकारी स्पीकर द्वारा सदन को दी गई।कुल मिलाकर, विंटर सेशन के तीसरे दिन हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे के बीच चलती रही, जिसमें सबसे अधिक चर्चा का केंद्र कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल पर लगाए गए आरोप रहे और जिसके चलते सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित होती रही।
