आओ मिलजुल के बदलिए पंजाब; सुखी रहे साडा पंजाब रैली से बदलेगी प्रदेश की राजनीति: संजीव खन्ना
जीरकपुर, 13 मार्चभारतीय जनता पार्टी के नेता और प्रदेश सचिव संजीव खन्ना ने कहा कि 14 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पंजाब दौरा राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि मोगा में आयोजित होने वाली भाजपा की रैली को "आओ मिलजुल के बदलिए पंजाब; सुखी रहे साडा पंजाब" नाम दिया गया है, जो प्रदेश में बदलाव का संदेश देगी। खन्ना ने कहा कि इस रैली से पंजाब की राजनीति को नई दिशा मिलेगी और भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा। उन्होंने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरे जोश और समर्पण के साथ रैली की तैयारियों में जुटे हुए हैं और इसे सफल बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब आम आदमी पार्टी की नीतियों और सरकार की कार्यशैली से निराश हो चुकी है। प्रदेश में बदलाव की मजबूत लहर दिखाई दे रही है और लोग एक मजबूत और जिम्मेदार नेतृत्व की तलाश में हैं। संजीव खन्ना ने आरोप लगाया कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार में पंजाब की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। राज्य में अपराध, नशे की समस्या और असुरक्षा का माहौल बढ़ रहा है, जिससे आम जनता में चिंता और असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब को एक मजबूत, पारदर्शी और जिम्मेदार शासन की आवश्यकता है। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर राज्य के असली मुद्दों को उठाएंगे और प्रदेश को विकास, सुशासन और स्थिरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। संजीव खन्ना ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब की सभी 117 सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
