डेराबस्सी विधायक रंधावा ने लालडू को सब-तहसील का दर्जा देने का मुद्दा विधानसभा में उठाया।
लालडू डेराबस्सी हलके से विधायक सरदार कुलजीत सिंह रंधावा ने अपने किए वादे को पूरा करते हुए पंजाब विधानसभा के सत्र के दौरान लालडू शहर में सब-तहसील बनाने की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों लालडू व्यापार मंडल के साथ हुई बैठक के दौरान व्यापारियों और शहरवासियों ने लालडू में सब-तहसील बनाने की मांग रखी थी। इस मांग को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह मुद्दा विधानसभा में उठाया। विधायक रंधावा ने कहा कि लालडू और आसपास के इलाकों के लोगों को अपने राजस्व से जुड़े कामों के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर लालडू में सब-तहसीलबनाई जाती है तो इलाके के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विधानसभा में अपनी बात रखते हुए रंधावा ने बताया कि डेराबस्सी विधानसभा हलके की आबादी लगभग 15 लाख के करीब है और वे दावे के साथ कह सकते हैं कि 117 हलकों में से सबसे अधिक आबादी उनके हलके की है। उन्होंने यह भीबताया कि जिस क्षेत्र के लिए सब-तहसील की मांग की गई है, उसमें लगभग 40 गांव, दो शहर और करीब 1 लाख से अधिक आबादी शामिल है, जो सब-डिवीजन बनने के मानकों को पूरा करती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार लोगों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को जल्द पूरा करेगी।
