फरीदाबाद के नियोक्ताओं के मध्य 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम के महत्व को लेकर बैठक का आयोजन
फरीदाबाद के नियोक्ताओं के मध्य 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम के महत्व को लेकर बैठक का आयोजन
फरीदाबाद: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), फरीदाबाद ने नए श्रम कानूनों (OSH 2020) के अनुपालन में 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के औद्योगिक कर्मचारियों के लिए 'निवारक वार्षिक स्वास्थ्य जांच' कार्यक्रम चला रहा है । इस पहल का मुख्य उद्देश्य बीमारियों का शीघ्र पता लगाना और प्रवासी श्रमिकों के स्वास्थ्य परिणामों में सुधार करना है कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु क्षेत्रीय कार्यालय, फरीदाबाद में विभिन्न औद्योगिक संघों और बड़े नियोक्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं । फरीदाबाद औद्योगिक संघ (FIA) के सचिव कर्नल पी के शर्मा के साथ चर्चा हुई, जिसमें स्वास्थ्य जांच की प्रक्रियाओं को स्पष्ट किया गया । इस संबंध में विक्टोरा इंडस्ट्री, जी डी एसोसिएट्स, साधु फॉर्जिंग, शाही एक्सपोर्ट, मनु & कंपनी, वमानी ओवरसीज, थाम्पसन प्रेस, हरियाणा सिक्योरिटी तथा अन्य बड़े नियोक्ताओं के साथ भी विस्तृत बैठक संपन्न हुई । बैठक के दौरान कर्मचारियों के लिए निम्नलिखित दिशा-निर्देश जारी किए गए:पंजीकरण का समय: पंजीकरण सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगा । आवश्यक दस्तावेज: कर्मचारियों को आधार कार्ड तथा ईएसआईसी कार्ड लाना होगा । महत्वपूर्ण निर्देश: सटीक जांच परिणामों के लिए कर्मचारियों को खाली पेट (उपवास की स्थिति में) आना अनिवार्य है । चूंकि कुछ परीक्षण भोजन के बाद किए जाएंगे, इसलिए उन्हें अपना दोपहर का भोजन साथ लाने की सलाह दी गई है । क्षेत्रीय निदेशक ने बताया कि इस कार्यक्रम से कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण होगा, जिससे उनके स्वास्थ्य पैटर्न को समझने में मदद मिलेगी । नियोक्ताओं द्वारा जांच शिविरों को कंपनी परिसर में ही आयोजित करने के सुझाव पर प्रशासन ने उचित समय पर विचार करने का आश्वासन दिया है । जांच रिपोर्ट प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए बताया गया कि रिपोर्ट की हार्ड कॉपी संबंधित शाखा कार्यालयों से प्राप्त की जा सकेगी और आवश्यकतानुसार स्कैन की गई कॉपी ईमेल द्वारा भी भेजी जा सकती है । क्षेत्रीय निदेशक ने सभी नियोक्ताओं से इस जन-कल्याणकारी योजना में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है ताकि कार्यस्थल पर निवारक स्वास्थ्य की संस्कृति को मजबूत किया जा सके

