सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी को राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी ने दिया करारा जवाब

सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी को राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी ने दिया करारा जवाब


ब्राह्मण समाज से माफ़ी मांगे भाटी- राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय

गोरखपुर। ब्राह्मण समाज के समर्थन मे आगे आये राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से उन्हें तत्काल पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करना लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द के लिए बेहद खतरनाक है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

कुलदीप पाण्डेय ने पत्र मे कहा है कि ब्राह्मण समाज देश की संस्कृति, शिक्षा, ज्ञान और नैतिक मूल्यों का आधार रहा है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर शिक्षा, धर्म, साहित्य और सामाजिक सुधार आंदोलनों तक ब्राह्मण समाज का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। ऐसे समाज के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना केवल एक वर्ग का अपमान नहीं बल्कि पूरे भारतीय समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसा है । आज देश को सामाजिक एकता, भाईचारे और विकास की आवश्यकता है,लेकिन कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने और अपनी पहचान चमकाने के लिए समाजों के बीच वैमनस्य फैलाने का काम कर रहे हैं। कुलदीप पाण्डेय ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की बयानबाजी केवल समाज को बांटने का प्रयास है,जिसे देश की जनता अब समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी हमेशा समाज को जोड़ने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की राजनीति सोंच रखती है। भाटी ब्राह्मण समाज से अपनी गलती के लिए क्षमा मांगे।

श्री पाण्डेय ने समाजवादी पार्टी नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पार्टी अपने नेताओं और प्रवक्ताओं के इस तरह के बयानों पर कार्रवाई नहीं करती है, तो इससे साफ संदेश जाएगा कि पार्टी समाज को बांटने वाली राजनीति को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने अखिलेश यादव से मांग की कि वे इस मामले में तुरंत संज्ञान लें और राजकुमार भाटी को पार्टी से बाहर करें, ताकि समाज में सही संदेश जाए और सामाजिक सौहार्द बना रहे। यदि समाजवादी पार्टी इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं करती है तो राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी प्रदेश भर में जनजागरण अभियान और विरोध प्रदर्शन चलाएगी। हमारी पार्टी किसी भी समाज के सम्मान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी और सभी वर्गों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने युवाओं से भी अपील करते हुए कहा कि वे समाज को बांटने वाली राजनीति से दूर रहें और देश की एकता,शिक्षा, रोजगार और विकास के मुद्दों पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता, संस्कृति और सामाजिक एकता में है। किसी भी समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले लोगों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। कुलदीप पांडेय ने कहा कि देश में नफरत नहीं बल्कि प्रेम,भाईचारा और समानता की राजनीति होनी चाहिए। सभी राजनीतिक दलों और नेताओं को ऐसे बयानों से बचना चाहिए जो समाज में तनाव और विभाजन पैदा करें।