लखनऊ कमिश्नरेट बाजार खाला में पति ने धारदार हथियार से गला रेतकर की पत्नी की हत्या तलाक के विवाद में पत्नी की हत्या,पूरे क्षेत्र के लोगो मे फैली दहशत.

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना बाजार खाला क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ऐशबाग ईदगाह के पास एक सुनसान गली में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बाजार खाला क्षेत्र में पिछले कुछ समय में यह तीसरा बड़ा आपराधिक कांड है, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत और असुरक्षा का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान चांदनी के रूप में हुई है। चांदनी बुधवार को दोपहर अपनी स्कूटी से पास के ही एक अस्पताल में किसी परिचित को देखने आई थी। इसी दौरान उसका पति, शाहिद, वहां पहुंच गया। ऐशबाग ईदगाह के पीछे एक सुनसान गली में दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि शाहिद ने आपा खो दिया और चांदनी पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना जोरदार था कि घटनास्थल के पास की दीवारों पर खून के छींटे तक जा गिरे।पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। शाहिद और चांदनी की शादी करीब 7 साल पहले हुई थी, लेकिन आपसी अनबन के कारण मामला ऐशबाग ईदगाह में खुला, तलाक की प्रक्रिया तक पहुंच चुका था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पति शाहिद को शक था कि उसकी पत्नी चांदनी का एहसान नाम के किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी शक और आपसी रंजिश के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी बाजार खाला और एसीपी चौक कई थानों की पुलिस फोर्स और फोरेंसिक टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।पुलिस ने लहूलुहान हालत में चांदनी को तुरंत इलाज के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। हालांकि, घाव इतने गहरे थे और अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।बाजार खाला इलाके में लगातार हो रही बड़ी आपराधिक घटनाओं से स्थानीय जनता में भारी आक्रोश और डर है। पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है