बच्चों की प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से समर कैंप का आगाज
केबीएस यूनिक स्कूल परिसर मे पांच दिवसीय समर कैंप का आयोजन
गोरखपुर। बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं गर्मी की छुट्टियों को यादगार बनाने के उद्देश्य से केबीएस यूनिक द प्ले वर्ल्ड स्कूल, भगवानपुर फर्टिलाइजर कॉलोनी, गोरखपुर द्वारा आयोजित पांच दिवसीय समर कैंप एवं खेल प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रचंड धूप को ध्यान मे रखते हुए समर कैंप का आयोजन 23 मई से 27 मई तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजकर 30 मिनट तक किया जा रहा हैं। यह कैंप विशेष रूप से 3 वर्ष मे 12 वर्ष उम्र तक के बच्चों के लिए आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम का उद्घाटन स्कूल के प्रबंधक डा. कुलदीप पाण्डेय द्वारा माँ सरस्वती जी का पूजन कर व क्रीड़ा क्षेत्र परिसर का रिबन काट कर किया गया। प्रधानाचार्य शैलजा पाण्डेय के निर्देशन व शिक्षिका ज्योति, पिंकी, बेबी व रुचिता के सहयोग से कार्यक्रम का सकुशल संचालन किया गया। इस दौरान छोटे-छोटे बच्चों का उत्साह और ऊर्जा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण केंद्र रहा।
इस दौरान प्रबंधक डा. कुलदीप पाण्डेय ने बच्चों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने तथा उनमें आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के पहले दिन बच्चों ने विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान नृत्य,संगीत,चित्रकला एवं रंग भराई, दौड़ प्रतियोगिता, फुटबॉल, क्रिकेट मनोरंजन गतिविधियां, बैडमिंटन तथा इनडोर एवं आउटडोर खेलों के द्वार बच्चों के शारीरिक व मानसिक गतिविधियों का आंकलन किया जायेगा। प्रधानाचार्य शैलजा पाण्डेय ने बताया कि समर कैंप के दौरान बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर दिया जाएगा। साथ ही व्यक्तित्व विकास, कहानी वाचन, भाषण कला, दिमागी खेल एवं टीम वर्क जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के मानसिक एवं सामाजिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम में शिक्षकों की देख-रेख में सभी गतिविधियां सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराई जा रही हैं। समापन के दिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
बच्चों के अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को मोबाइल एवं टीवी से दूर रखकर रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करते हैं। स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा,स्वच्छता एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। समर कैंप के पहले दिन बच्चों की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बना दिया। स्कूल प्रशासन ने कहा कि आने वाले दिनों में और भी रोचक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी,जिससे बच्चों को सीखने के साथ-साथ भरपूर मनोरंजन भी मिल सके।


