उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा के दृष्टिगत आज पुलिस उपायुक्त पश्चिमी श्री कमलेश दीक्षित द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर उपस्थित पाए गए। अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होती पाई गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए हैं। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी द्वारा ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस बल को परीक्षा की निष्पक्षता एवं गरिमा बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अभ्यर्थियों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। लखनऊ पुलिस द्वारा परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।