थाना समाधान दिवस में डीएम और पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश।बरखेड़ा। शनिवार को थाना बरखेड़ा में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने स्वयं मौजूद रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।समाधान दिवस के दौरान विभिन्न प्रकार की शिकायतें और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनकी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।राजस्व संबंधी मामलों पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करे और दोनों पक्षों को सुनने के बाद निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों और अन्य राजस्व मामलों का समय रहते समाधान होने से कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बेहतर बनी रहती है।पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।समाधान दिवस के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना है।