जवाहर भवन में एसी फटने से लगी भीषण आग, खाद एवं रसद विभाग का हॉल ध्वस्त कर्मचारी न होने से टला बड़ा हादसा, कर्मचारी संघ ने जर्जर वायरिंग और सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की
लखनऊ। जवाहर भवन स्थित कोषागार बिल्डिंग के चौथे माले पर 20 जुलाई, सोमवार को सुबह 9:30 बजे खाद एवं रसद विभाग के मीटिंग हॉल में एसी फटने से भीषण आग लग गई। हादसे के समय बिल्डिंग में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग से खाद एवं रसद विभाग का मीटिंग हॉल, कैंटीन और लिफ्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना के बाद कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। संघ के अध्यक्ष समर जीत सिंह और महासचिव हेमंत कुमार गूजर ने प्रशासन से मांग की कि जवाहर भवन और इंदिरा भवन में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, मल्टीलेवल पार्किंग के पीछे निष्प्रयोज्य खड़े वाहनों को तत्काल हटाया जाए और बिल्डिंग में लगे फायर अलार्म, वातानुकूलित प्लांट व 50 वर्ष पुरानी जर्जर वायरिंग का जीर्णोद्धार कराया जाए। संघ ने आग लगने की घटना पर खेद व्यक्त करते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। बैठक में संघ के संरक्षक आलोक सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजीत कुमार रावत, उपाध्यक्ष चंदन श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष मुन्तजिर मेहंदी, मंत्री निखिल सिंह, संगठन सचिव राम केवल, प्रचार मंत्री पंकज रावत, कोषाध्यक्ष विनय शुक्ला, मीडिया प्रभारी आशीष कुमार और गौरव मिश्रा उपस्थित रहे।
