सिम्बुआ के गौरीशंकर धाम में गूंजा जय श्रीराम, 26वें वार्षिकोत्सव पर भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब
भंडारे में पहली बार राजस्थानी चोखा-बांटी का प्रसाद बना आकर्षण का केंद्र।
बिलसंडा (पीलीभीत)। महाबलिदानी राजा मोरध्वज की प्राचीन राजधानी में स्थित सिद्धपीठ श्री गौरीशंकर महादेव मंदिर, सिम्बुआ में श्रावण मास के 26वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा का बुधवार को भव्य समापन हो गया।
कथा के अंतिम दिन कथा व्यास श्री राधे कृपा धाम आश्रम जसौली, बद्रीनाथ धाम के पूज्य संत श्री कृष्णकांत शास्त्री ने रावण वध और भगवान श्रीराम के राजतिलक के प्रसंग का ऐसा भावपूर्ण वर्णन किया कि पूरा पंडाल "जय श्रीराम" के जयकारों से गूंज उठा। कथा के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ का अनुष्ठान संपन्न हुआ।
विधायक ने किया महंत का सम्मान
समारोह में मुख्य आयोजक महंत श्री विश्वेश्वरानंद गिरि जी महाराज एवं श्री विरेन्द्रानंद जी महाराज का बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर और राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया।
भंडारे में भाजपा जिला उपाध्यक्ष आयुष मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष डीके गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष शरद पाल गंगवार, बिलसंडा के पूर्व मंडल अध्यक्ष विक्रम गंगवार, सुमित गुप्ता धमाका के अलावा बीसलपुर विधान सभा के भावी प्रत्याशी नितिन पाठक सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिकों ने मंदिर में मत्था टेका और प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे में उमड़ी भीड़ और राजस्थान की चोखा-बांटी खास रही, आज समापन पर आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस बार भंडारे में पूड़ी-सब्जी, खीर, हलवा के साथ राजस्थान की प्रसिद्ध चोखा-बांटी विशेष आकर्षण रही। इसके लिए राजस्थान से हलवाईयों की टीम बुलाई गई थी।
भंडारे की सेवा में प्रियंक तिवारी मुल्लन, रामेंद्र गोस्वामी, इंद्रपाल कश्यप, सुमित गुप्ता धमाका, गौरीशंकर वर्मा, हरि वर्मा सहित मंदिर के सभी सेवादार दिन-रात जुटे रहे।

