एम्बुलेंस में छिपाकर ले जाया जा रहा 81.300 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

एम्बुलेंस में छिपाकर ले जाया जा रहा 81.300 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन शुद्धि के तहत हाथीनाला पुलिस और एएनटीएफ लखनऊ की संयुक्त कार्रवाई।

सोनभद्र । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस और एएनटीएफ यूनिट लखनऊ को बड़ी सफलता मिली है। थाना हाथीनाला पुलिस एवं एएनटीएफ यूनिट लखनऊ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक एम्बुलेंस से 81.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 41 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, तस्करी में प्रयुक्त एम्बुलेंस वाहन संख्या WB04F3083, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये है, के साथ एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 48 लाख रुपये बताई है।

गुप्त कैबिनेट बनाकर छिपाया गया था गांजा

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के निर्देशन में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, 24/25 अगस्त की रात मुखबिर की सूचना पर हाथीनाला थाना क्षेत्र के दुद्धी मार्ग पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध एम्बुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। एम्बुलेंस के केबिन के फर्श में एल्यूमिनियम की चादर के नीचे बनाए गए गुप्त कैबिनेट से 36 टेपशुदा बंडल बरामद हुए, जिनमें कुल 81.300 किलोग्राम गांजा मिला।

चालक ने भागने का किया प्रयास

पुलिस के अनुसार, एम्बुलेंस चालक ने वाहन रोकने के बाद भागने का प्रयास किया, लेकिन संयुक्त पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर सरकार पुत्र त्रिशंकु सरकार, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी नं. 02 निशीन्दरा कॉलोनी, फरक्का, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।

क्षेत्राधिकारी ओबरा की उपस्थिति में नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई की गई। आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद बरामद हुए।

उड़ीसा से सुल्तानपुर ले जाया जा रहा था गांजा

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांजा उड़ीसा के सम्बलपुर से एम्बुलेंस में लोड कराकर सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। सुल्तानपुर पहुंचने के बाद फोन के माध्यम से संबंधित व्यक्ति द्वारा वाहन को ले जाकर गांजा उतार लिया जाता और इसके बदले आरोपी को पैसे दिए जाते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी बताया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गांजा तस्करी का काम करता था और इससे प्राप्त लाभ को आपस में बांटते थे।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना हाथीनाला में मु0अ0सं0-38/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

बरामदगी

- 36 टेपशुदा बंडलों में 81.300 किलोग्राम अवैध गांजा

- गांजा तस्करी में प्रयुक्त एम्बुलेंस WB04F3083

- 01 एंड्रॉयड मोबाइल फोन

- ₹1,100 नकद

- कुल अनुमानित कीमत करीब 48 लाख रुपये

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव थाना हाथीनाला, उपनिरीक्षक सूरज सिंह टीम प्रभारी एएनटीएफ यूनिट लखनऊ, उपनिरीक्षक सुरेश राम यादव थाना हाथीनाला तथा हेड कांस्टेबल मो. खालिद खां, हेड कांस्टेबल राजेश सिंह यादव, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल नन्दलाल यादव, हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल चालक सुनील कुमार एवं कांस्टेबल राजन कुमार शामिल रहे।