86 किलो गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन मादक पदार्थ तस्करों को किया गिरफ्तार

86 किलो गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन मादक पदार्थ तस्करों को किया गिरफ्तार

सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस, चौकी लोढ़ी, चौकी चुर्क तथा एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब 86 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 43 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई ऑपरेशन शुद्धि के तहत पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में की गई। टीम को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजा लेकर कुछ लोग बिना नंबर प्लेट की कार से वाराणसी की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लोढ़ी टोल प्लाजा से पूर्व ईको प्वाइंट के पास संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध कार को पुलिस टीम ने चिन्हित किया। पुलिस के अनुसार वाहन को रोकने का प्रयास किए जाने पर उसमें सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान कार में रखी चार प्लास्टिक की बोरियों में कुल 35 बंडल गांजा बरामद हुआ। बंडलों का वजन क्रमशः 22 किलोग्राम, 22 किलोग्राम, 21 किलोग्राम एवं 21 किलोग्राम पाया गया। इस प्रकार कुल 86 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की किया कार, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है, के साथ तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 680 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लेकर वाराणसी पहुंचाने वाले थे। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्यों के बीच अलग-अलग स्तर पर गांजे की डिलीवरी एवं परिवहन की व्यवस्था की जाती थी। पूछताछ के आधार पर पुलिस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। ऑनलाइन माध्यम से गांजे की खरीद-फरोख्त और धनराशि के लेनदेन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान-

1. राजकुमार पासवान, पुत्र स्व. पंचानन्द पासवान, उम्र 35 वर्ष, निवासी रामशहर, थाना बड़हरा, जनपद भोजपुर (आरा), बिहार।

2. विकास कुमार राय, पुत्र सत्येन्द्र राय, उम्र 24 वर्ष, निवासी सुंगापुर, थाना संदेश, जनपद भोजपुर (आरा), बिहार।

3. विनोद साव, पुत्र मनु साव, उम्र 35 वर्ष, निवासी मटुकपुर, थाना बड़हरा, जनपद भोजपुर (आरा), बिहार के रूप में हुई है।

बरामदगी - 86 किलोग्राम अवैध गांजा- अनुमानित कीमत ₹43 लाख, बिना नंबर प्लेट की किया कार - अनुमानित कीमत ₹12 लाख, 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ₹680 नकद तलाशी के दौरान मिले।

पुलिस के अनुसार बरामदगी एवं गिरफ्तारी के संबंध में थाना रॉबर्ट्सगंज पर एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और नेटवर्क के अन्य सदस्यों के विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सोनभद्र पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।