लखीमपुर खीरी में बिजली विभाग की लापरवाही चरम पर, हेल्पलाइन नंबर 9453005069 हमेशा रहती है व्यस्त।
लखीमपुर खीरी। जिले में बिजली विभाग की कार्यशैली से आम जनता बेहद परेशान है। विभाग द्वारा जारी किया गया शिकायत नंबर 9453005069 पर जब भी कॉल किया जाता है तो वह हमेशा बिजी बताता है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि 60-60 बार कॉल करने पर भी फोन नहीं उठता है और अगर कभी घंटी भी बजती है तो बिजली कर्मी फोन उठाना उचित नहीं समझते।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नंबर किस लिए बनाया गया है जब इस पर जनता की शिकायत ही नहीं सुनी जाती। लाइट जाने, ट्रांसफार्मर फुंकने, तार टूटने जैसी समस्याओं की जानकारी देने के लिए यह एकमात्र सहारा है, लेकिन बिजली कर्मियों की लापरवाही के चलते जनता अंधेरे में रहने को मजबूर है।
एक उपभोक्ता ने बताया कि "हम पूरी-पूरी रात बिजली न होने से परेशान रहते हैं, फोन मिलाओ तो बिजी बताता है। कर्मचारियों को फोन उठा कर इतना कहने में भी कष्ट होता है कि 'समस्या नोट कर ली गई है, टीम भेज रहे हैं'। जनता परेशान है और बिजली कर्मी मस्त हैं।"
जनता की मांग:
1. शिकायत नंबर 9453005069 को तत्काल ठीक किया जाए और वैकल्पिक नंबर जारी किया जाए।
2. फोन न उठाने वाले दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए।
3. 1912 जैसे टोल फ्री नंबर पर भी त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जाए।
यदि इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो उपभोक्ताओं ने उच्च अधिकारियों और जिलाधिकारी से शिकायत करने की चेतावनी दी है।
