मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर अमीनाबाद में तैयारियां तेज,झंडे वाले पार्क का आला अधिकारियों ने लिया जायजा,अतिक्रमण भी हटवाया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर अमीनाबाद में तैयारियां तेज,झंडे वाले पार्क का आला अधिकारियों ने लिया जायजा,अतिक्रमण भी हटवाया
लखनऊ। संवाददाता नबी अहमद।
लखनऊ के अमीनाबाद स्थित झंडे वाले पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस, नगर निगम, बिजली विभाग समेत विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों ने पार्क पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने पार्क में सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया। संबंधित विभागों की टीमों को निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की कमी या अव्यवस्था न रहने पाए।नगर निगम की टीमों ने पार्क एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई कराई। वहीं बिजली विभाग के इंजीनियरों ने प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।इसके अलावा अमीनाबाद की सड़कों और फुटपाथों पर लगे अस्थायी दुकानों तथा अतिक्रमण को भी हटवाया गया। फुटपाथ पर दुकानों के ऊपर लगाए गए बांस-बल्ली के ढांचे नगर निगम की टीम ने उतरवा दिए, जिससे आवागमन सुचारु रहे और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए।मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मौके पर एडीसीपी, एसीपी, नगर निगम के अधिकारी, नगर निगम की टीम तथा थाना अमीनाबाद की पुलिस फोर्स मौजूद रही। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों की टीमों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।



























