लखनऊ में बाराह वफात के त्योहार को लेकर लखनऊ पुलिस ने कसी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल को किया ब्रीफलखनऊ। आगामी बारावफात पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। गोल्डेन पैलेस में पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था महोदय द्वारा पुलिस उपायुक्त पश्चिमी, एडीसीपी पश्चिमी, एसीपी चौक एवं एसीपी बाजारखाला की उपस्थिति में बारावफात पर्व की ड्यूटी में लगाए गए समस्त पुलिस बल को विस्तृत रूप से ब्रीफ किया गया।ब्रीफिंग के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था महोदय ने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से उपस्थित रहें तथा पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। जुलूस मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, जुलूस के दौरान आपसी समन्वय कायम रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाहजनक सूचनाओं पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए भी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया।ब्रीफिंग के उपरांत संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था महोदय के नेतृत्व में पुलिस उपायुक्त पश्चिमी, एडीसीपी पश्चिमी, एसीपी चौक, एसीपी बाजारखाला सहित पुलिस बल ने जुलूस मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल गश्त के दौरान आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत किया गया।वहीं अमीनाबाद क्षेत्र में बारह रबीउल अव्वल के त्योहार को लेकर झंडेवाला पार्क का भी जायजा लिया गया तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
संवाददाता — नबी अहमद













