महिला से मोबाइल छीनकर भाग रहे आरोपी को यातायात पुलिसकर्मी ने पकड़ा

घायल होने के बावजूद दिखाई बहादुरी, पीड़िता ने राखी बांधकर जताया आभार

लखनऊ। संवाददाता नबी अहमद।

रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस के एक यातायात पुलिसकर्मी ने साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। मड़ियांव थाना क्षेत्र में सीतापुर रोड पर महिला से मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे आरोपी को यातायात आरक्षी नवीन चौधरी ने घायल होने के बावजूद पीछा कर पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को थाना मड़ियांव क्षेत्र के शेखनटिक चंद्रताल, सीतापुर रोड पर एक महिला अपने बच्चों आदित्य एवं अदिति के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाने मायके जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने महिला को थप्पड़ मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से भागने लगा।

महिला की सूचना पर निकट ड्यूटी पर तैनात यातायात आरक्षी नवीन चौधरी ने तत्काल आरोपी का पीछा किया। आरोपी ने पुलिसकर्मी से बचकर भागने का प्रयास किया और उसके चेहरे पर लोहे की रॉड से प्रहार कर दिया, जिससे आरक्षी घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया। मामले में थाना मड़ियांव में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रक्षाबंधन के अवसर पर यातायात आरक्षी की बहादुरी से प्रभावित पीड़िता ने उन्हें राखी बांधकर भाई के रूप में सम्मानित किया और आभार व्यक्त किया। इस घटना ने पुलिसकर्मियों के साहस, तत्परता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को एक बार फिर उजागर किया।