तेरस पर्व पर भगवान शिव के मंदिर में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
शाहजहांपुर । विकासखंड मिर्जापुर के ग्राम मझरिया स्थित भगवान शिव महादेव मंदिर परिसर में तेरस पर्व बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। हर वर्ष की भांति इस बार भी तेरस के अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
तेरस पर्व पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव महादेव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। ग्रामीणों के सहयोग से हवन-पूजन का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
वहीं मेले में लगी विभिन्न दुकानों पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। खेल-खिलौने, घरेलू सामान और अन्य दुकानों पर दिनभर लोगों की भीड़ देखने को मिली। बच्चों में मेले को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते नजर आए और चारों ओर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारे गूंजते रहे।
तेरस पर्व का यह आयोजन ग्रामीणों की आस्था, सहयोग और आपसी भाईचारे की मिसाल बना, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर भगवान शिव महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।


