सफाई कर्मचारियों ने सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
1 से 3 सितंबर तक मंत्री विपुल गोयल के आवास का घेराव, 30 अगस्त को बनेगी आंदोलन की रणनीति
फरीदाबाद । हरियाणा के फरीदाबाद नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन के अगले चरण का ऐलान कर दिया है। कर्मचारियों ने 1 से 3 सितंबर तक लगातार तीन दिन कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के आवास का घेराव करने की घोषणा की है। इससे पहले 30 अगस्त को राज्यव्यापी बैठक आयोजित कर आंदोलन को और तेज करने की रणनीति तय की जाएगी।
नगर निगम सफाई कर्मचारियों की हड़ताल गुरुवार को 22वें दिन भी जारी रही। नगर निगम मुख्यालय के गेट पर धरने के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि 31 अगस्त तक कर्मचारी धरने पर रहेंगे। इसके बाद तीन दिनों तक मंत्री आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक ऐसा कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है, जिससे आंदोलन समाप्त किया जा सके। कर्मचारियों का कहना है कि अब केवल सैद्धांतिक सहमति या आश्वासन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
22 अगस्त की वार्ता में नहीं पहुंचे मंत्री
नरेश शास्त्री ने कहा कि 22 अगस्त को सरकार के साथ हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मौजूद नहीं थे। उनकी जगह कृष्ण बेदी ने कर्मचारियों के साथ बातचीत की। बैठक में कुछ मांगों पर सैद्धांतिक सहमति की बात कही गई, लेकिन कोई ठोस और लिखित निर्णय नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि 13 मई की वार्ता में भी यदि सरकार मांगों को गंभीरता से लेकर समाधान करती तो कर्मचारियों को हड़ताल करने की जरूरत नहीं पड़ती।
नियमित भर्ती और ठेका प्रथा खत्म करने की मांग
कर्मचारी नेताओं के अनुसार उनकी प्रमुख मांगों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना तथा सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन के नियमित पदों पर भर्ती करना शामिल है।
नरेश शास्त्री ने सरकार के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें सफाई कर्मचारियों की मांगें मान लिए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि कुछ पुरानी मांगों पर जरूर कार्रवाई हुई है, लेकिन कर्मचारियों की मौजूदा प्रमुख मांगें अभी भी लंबित हैं।
150 विभागों के कर्मचारियों को आंदोलन से जोड़ने की तैयारी
कर्मचारी नेताओं ने आंदोलन को व्यापक बनाने की भी तैयारी शुरू कर दी है। बिजली विभाग, रोडवेज, मैकेनिकल वर्कर, हुडा, क्लर्क यूनियन और शिक्षक संगठनों समेत करीब 150 विभागों के कर्मचारियों को अलग-अलग चरणों में आंदोलन से जोड़ने की तैयारी है। स्वास्थ्य और जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी समर्थन में उतरेंगे।
अग्निकांड में जान गंवाने वाले फायर कर्मचारी के परिजन भी होंगे शामिल
मंत्री आवास के घेराव में फरीदाबाद अग्निकांड में जान गंवाने वाले फायर कर्मचारी के परिवार के सदस्य भी शामिल होंगे। कर्मचारी नेताओं के अनुसार परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाला मुआवजा अभी तक नहीं मिला है। परिवार आंदोलन के दौरान अपनी मांग सरकार के सामने रखेगा।
पुलिस कार्रवाई का भी विरोध
नरेश शास्त्री ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि कर्मचारियों को जबरन थानों में ले जाकर धमकाने और परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस दबाव के बावजूद कर्मचारी आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।
30 अगस्त को 87 शहरों, 103 दमकल केंद्रों और विभिन्न मजदूर-कर्मचारी संगठनों की राज्यव्यापी बैठक होगी। इसमें सरकार के रवैये और कर्मचारियों की लंबित मांगों पर चर्चा के बाद आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर ठोस फैसला होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

