विकासनगर में सरेराह व्यापारी पर हमला, सिर फोड़ा और 17 हजार लूटने का आरोप!
ईंट से वार कर किया घायल, अस्पताल में लगे कई टांके; पीड़ित बोला—न्याय के लिए थाने-चौकी के चक्कर लगवा रही पुलिस
लखनऊ। राजधानी में अपराधियों के हौसले पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना विकासनगर क्षेत्र में शाम के वक्त घर लौट रहे एक व्यापारी को कथित रूप से कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर सिर पर ईंट से जोरदार वार कर दिया। व्यापारी के लहूलुहान होकर गिरते ही आरोपियों ने उसकी जेब से 17 हजार रुपये नकद पार कर दिए।
घायल व्यापारी वीरेंद्र सिंह यादव के मुताबिक, वह शाम करीब 7:30 बजे तिवारीपुर स्थित अपने प्लॉट से राजा जी पुरम स्थित घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया गया। चोट इतनी गंभीर थी कि वह बेहोशी जैसी हालत में पहुंच गया।
घटना के बाद उसकी बाइक और मोबाइल भी मौके पर गिर गए। किसी तरह उसने आसपास रहने वाले परिवार के लोगों को सूचना दी। परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और तत्काल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
एक तरफ घायल व्यापारी, दूसरी तरफ पुलिस के सामने दूसरा मामला!
पीड़ित पक्ष के अनुसार, पुलिस के मौके पर पहुंचने के दौरान आसपास एक अन्य व्यक्ति के साथ भी इसी तरह की घटना की जानकारी सामने आई। पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसकी पहचान राजीव यादव निवासी छठा मील के रूप में बताई गई है। हालांकि पीड़ित का आरोप है कि घटना में शामिल अन्य लोग अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
सिर पर कई टांके, फिर भी कार्रवाई को लेकर सवाल
घायल वीरेंद्र सिंह यादव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर में कई टांके लगाए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए। उसका आरोप है कि गंभीर घटना की शिकायत लेकर थाने और चौकी के चक्कर लगाने पड़े और मामले में हल्की धाराओं में कार्रवाई कर दी गई।
पीड़ित का कहना है कि यदि उसके साथ लूट और जानलेवा हमला हुआ है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
ज्वाइंट सीपी से लगाई गुहार
पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित ने अब लखनऊ के ज्वाइंट सीपी बब्लू कुमार से गुहार लगाई है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच, उचित धाराओं में कार्रवाई और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस इस मामले की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर क्या कार्रवाई करती है और व्यापारी पर हुए हमले व लूट की पूरी तस्वीर कब साफ होती है।
