हार्डवेयर व्यापारी पर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

हार्डवेयर व्यापारी पर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

रक्तरंजित लोहे की बसुली, CCTV DVR और Wi-Fi राउटर बरामद

लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र के ग्राम भरोसा स्थित प्रकाश हार्डवेयर एंड इलेक्ट्रिकल्स के मालिक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की बसुली (आला-कत्ल) के साथ CCTV का DVR और Wi-Fi राउटर भी बरामद किया है।

पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 26 सितंबर 2026 की शाम ग्राम भरोसा स्थित प्रकाश हार्डवेयर एंड इलेक्ट्रिकल्स की दुकान में घुसकर दुकान मालिक रामप्रकाश पुत्र स्व. मैकूलाल पर लोहे की बसुली से जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ हमला किया गया था। हमले में रामप्रकाश गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए थे। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उपचार के लिए KGMU ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

घटना के संबंध में वादिनी कंचन कुरील की तहरीर पर थाना पारा में मुकदमा अपराध संख्या 677/2026 के तहत धारा 333, 109(1), 351(3) और 238 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान वादिनी और घायल रामप्रकाश के बयानों, फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों तथा तकनीकी एवं भौतिक जांच के आधार पर जितेन्द्र रावत उर्फ बऊआ की संलिप्तता सामने आई।

CCTV का DVR और Wi-Fi राउटर झाड़ियों में छिपाया

जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से दुकान में लगे CCTV कैमरे का DVR और Wi-Fi राउटर निकालकर घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर डिघिया रोड स्थित झाड़ियों में छिपा दिया था। इसके आधार पर मुकदमे में धारा 238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

28 सितंबर 2026 को थाना पारा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेन्द्र रावत उर्फ बऊआ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की बसुली तथा डिघिया रोड की झाड़ियों से CP PLUS कंपनी का CCTV DVR और syRotech कंपनी का Wi-Fi राउटर/ONT उपकरण बरामद किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताई हमले की वजह

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रामप्रकाश की हार्डवेयर की दुकान उसकी झोपड़ी के पास है। आरोपी का आरोप है कि रामप्रकाश उसकी पत्नी के प्रति आपत्तिजनक व्यवहार करता था, जिससे वह नाराज था। 26 सितंबर की शाम पत्नी द्वारा दोबारा इस संबंध में बताए जाने के बाद वह गुस्से में रामप्रकाश की दुकान पर पहुंचा और दुकान में रखी लोहे की बसुली से उसके सिर और चेहरे पर वार कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, रामप्रकाश के नीचे गिरने के बाद आरोपी बसुली वहीं छोड़कर दुकान से बाहर निकल गया। बाहर निकलते समय CCTV कैमरा लगा देखकर उसने पुलिस से बचने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से DVR और Wi-Fi राउटर निकालकर डिघिया रोड की झाड़ियों में छिपा दिया।

गिरफ्तार आरोपी

जितेन्द्र रावत उर्फ बऊआ, पुत्र स्व. रामपाल, निवासी ग्राम भरोसा, थाना पारा, लखनऊ, उम्र करीब 27 वर्ष।

बरामदगी

  • घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे की बसुली।
  • CP PLUS कंपनी का CCTV DVR।
  • syRotech कंपनी का Wi-Fi राउटर/ONT उपकरण।

संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया 

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह, उपनिरीक्षक सुबे चन्द्र यादव, उपनिरीक्षक अजय कुमार पटेल तथा हेड कांस्टेबल मो. नफीस, थाना पारा, कमिश्नरेट लखनऊ।