कबड्डी प्रतियोगिता में पावर राइडर्स और यूपी योद्धा ने मारी बाजी
चुनार, मीरजापुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्राम सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चुनार में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि मीरजापुर की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक एवं क्षेत्राधिकारी गायत्री यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. माधवी शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित होती है।
बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में पावर राइडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थंडर टाइटन्स को पीछे छोड़कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग में यूपी योद्धा ने प्रभावी खेल का प्रदर्शन करते हुए पावर पैंथर्स को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। दोनों वर्गों के मुकाबले रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती व रणनीतिक कौशल से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। क्षेत्राधिकारी गायत्री यादव ने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और मेहनत के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में मेडिया मिनी स्टेडियम के रवीश कुमार एवं रजत कुमार ने रेफरी तथा डॉ. सत्येंद्र कुमार ने स्कोरर की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के संयोजक एवं खेल प्रभारी डॉ. अरविन्द कुमार ने सफल आयोजन के लिए अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. चंदन साहू, डॉ. भास्कर द्विवेदी, डॉ. दीप नारायण, डॉ. अवधेश सिंह यादव, डॉ. दीपक कुमार सिंह, डॉ. शिव कुमार, डॉ. शैलेन्द्र कुमार, डॉ. गुरु प्रसाद, डॉ. अमित यादव, डॉ. स्मिता, डॉ. शिखा तिवारी, डॉ. मंजुला शुक्ला, डॉ. विद्या सिंह सहित धर्मचन्द्र, रामानंद पुजारी, धर्मेन्द्र सिंह, कमलेश शुक्ला, रामकेश सोनकर, जेपी सिंह, कुर्बान और पारस सिंह मौजूद रहे। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

