संभल में सीएमओ के निरीक्षण से मचा हड़कंप
गुन्नौर/संभल । जनपद में सीएमओ के निरीक्षण से मचा हड़कंप, बाहर से दवा लिखने पर चिकित्सकों को लगाई फटकार,,
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. तरुण पाठक ने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जननी सुरक्षा योजना (JSY) के भुगतान रजिस्टर की जांच की और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संस्थागत प्रसव कराने वाली सभी लाभार्थी महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना का भुगतान निर्धारित समय पर किया जाए। किसी भी लाभार्थी महिला का भुगतान अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने भुगतान व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल से बाहर की दवाएं लिखे जाने की शिकायत भी सामने आई। इस पर सीएमओ ने चिकित्सकों को फटकार लगाते हुए कहा कि अस्पताल में उपलब्ध दवाएं मरीजों को अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी मरीज को दवा खरीदने के लिए बाहर न भेजा जाए।
इसके अलावा निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
सीएमओ डॉ. तरुण पाठक ने कहा कि मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय से और पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
