लखनऊ में पुलिस का बड़ा चेकिंग अभियान, यातायात नियम तोड़ने वालों पर कसा शिकंजा
मोडिफाइड साइलेंसर, बिना हेलमेट और तीन सवारी वालों के कटे चालान, वाहन चालकों में मचा हड़कंप
लखनऊ। राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने दोपहिया वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। ज्वाइन्ट पुलिस कमिश्नर बब्लू कुमार के निर्देशानुसार कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात और नंबर प्लेट सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। वहीं वाहनों में लगाए गए मोडिफाइड साइलेंसर को लेकर भी विशेष रूप से कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों, बिना लाइसेंस एवं आवश्यक कागजात के वाहन संचालित करने वालों तथा एक बाइक पर तीन सवारियां बैठाकर चलने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। कुछ वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
पुलिस की अचानक शुरू हुई चेकिंग से कई वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। पुलिस टीमों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें, निर्धारित संख्या में ही सवारी बैठाएं और वाहन में अनधिकृत मॉडिफिकेशन न कराएं। यातायात नियमों का पालन स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है।





