जड़ी-बूटी से इलाज के नाम पर ठगी करने वाला दूसरा ठग बिलसंडा तिराहे से गिरफ्तार
बिलसंडा (पीलीभीत) । जड़ी-बूटी से गंभीर बीमारी ठीक करने का झांसा देकर घर में रखे जेवरात हड़पने वाले गिरोह के दूसरे सदस्य को थाना बिलसंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे शुक्रवार को थाना क्षेत्र के बिलसंडा तिराहे से मुखबिर की सूचना पर दबोचा। उसके पास से पीली धातु के दो कुंडल और एक अंगूठी बरामद हुई है।
थानाध्यक्ष जगदीप मलिक ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी इमरान पुत्र मौलाई निवासी गोरा थाना सेहरामऊ है। इसके एक साथी अलीउर्रहमान निवासी रामपुर बिछुआ को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मामला ग्राम शीतलपुर मरौरी का है। गांव निवासी सुखविंदर सिंह पुत्र कुंदन सिंह ने पुलिस को तहरीर दी थी कि आरोपी जड़ी-बूटी से इलाज का झांसा देकर घर में रखे जेवरात ले गये। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपने साथियों के साथ जनपद और आसपास के जिलों में घूम-घूमकर ऐसे मरीजों को चिह्नित करता था जो लंबे समय से बीमार चल रहे होते थे। उन्हें ठीक करने का भरोसा दिलाकर घर की ज्वैलरी को दवा के साथ पानी में डलवाता था और परिवार को व्यस्त कर जेवर लेकर फरार हो जाता था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जगदीप मलिक के साथ उपनिरीक्षक सतीश आर्य और हेड कांस्टेबल हरेंद्र शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
