पॉक्सो एक्ट के वांछित पर कैसरबाग पुलिस का शिकंजा! यूनिटी सिटी में घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी, पुलिस को देखकर भागने की कोशिश नाकाम
पॉक्सो एक्ट के वांछित पर कैसरबाग पुलिस का शिकंजा!
यूनिटी सिटी में घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी, पुलिस को देखकर भागने की कोशिश नाकाम
लखनऊ। कैसरबाग थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक अभियोग में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से आरोपी को यूनिटी सिटी, बहादुरपुर, कल्याणपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को एक महिला की तहरीरी सूचना पर उसकी नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने तलाश कर नाबालिग को सकुशल बरामद किया। इसके बाद पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 64 बीएनएस तथा धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई और जांच में अभिषेक भार्गव का नाम प्रकाश में आया।
पुलिस को देखते ही भागा, घेराबंदी में आया गिरफ्त में
पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। इसी दौरान 29 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने यूनिटी सिटी क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी के कारण और आधार से अवगत कराते हुए 29 सितंबर की शाम करीब 7:50 बजे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पूछताछ में वीडियोग्राफी-फोटोग्राफी का काम करने की बात
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी का काम करता है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसने कथित घटना में लालच में शामिल होने की बात बताई और अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी।
कैसरबाग पुलिस की टीम रही सक्रिय
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार, उपनिरीक्षक चन्दन कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रशान्त कुमार, महिला कांस्टेबल सुषमा मिश्रा तथा पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम शामिल रही।
