गुरु गोविंद सिंह चौक पर पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान, एक दर्जन वाहनों के चालान
रोडवेज चौकी प्रभारी संचित यादव ने पुलिस टीम के साथ की कार्रवाई, चार पहिया वाहनों से उतरवाई गई ब्लैक फिल्म
लखीमपुर खीरी। यातायात माह नवंबर 2026 के तहत जनपद में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रोडवेज चौकी प्रभारी (सदर कोतवाली) संचित यादव ने पुलिस टीम के साथ गुरु गोविंद सिंह चौक (गांधी विद्यालय चौराहे) पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। तीन सवारी बैठाकर चलने, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा बिना नंबर प्लेट या गलत नंबर प्लेट लगाकर वाहन दौड़ाने वालों को चिह्नित किया गया। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत करीब एक दर्जन वाहनों के चालान किए गए। वहीं, चार पहिया वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म भी उतरवाई गई।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित दिशा में वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की।
पुलिस का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आमजन की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।
