छुट्टा सांडों के हमले में इंटर कालेज कू पूर्व प्रबंधक सोरन सिंह यादव की मौत, दो दिन पहले नाती को भी मारी थी टक्कर
छुट्टा सांडों के हमले में इंटर कालेज कू पूर्व प्रबंधक सोरन सिंह यादव की मौत, दो दिन पहले नाती को भी मारी थी टक्कर
चिरौरी, बुलंदशहर। गांव में छुट्टा सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। श्री स्वामी पूर्णानन्द इण्टर कालेज चिरौरी के पूर्व प्रबंधक सोरन सिंह यादव की छुट्टा सांडों के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। सांडों ने उन्हें पटक-पटक कर मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सोरन सिंह यादव पूर्व प्रधान स्व. राकेश यादव के पिता थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि सोरन सिंह यादव गांव के सम्मानित और मिलनसार व्यक्ति थे। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका बड़ा योगदान रहा। उन्होंने लंबे समय तक इंटर कॉलेज के प्रबंधक के रूप में सेवा की और विद्यालय के विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहे।
ग्रामीणों के अनुसार यह कोई पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले ही उन्हीं के नाती जय बहादुर यादव को भी छुट्टा सांड ने टक्कर मारकर घायल कर दिया था। गनीमत रही कि उस समय आसपास के लोग आ गए और उसे बचा लिया गया, नहीं तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। लोग घर से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं, खासकर बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव और आसपास के खेतों में बड़ी संख्या में छुट्टा सांड घूम रहे हैं। ये सांड राहगीरों पर हमला कर देते हैं और किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल संज्ञान लिया जाए और छुट्टा सांडों को पकड़कर गौशाला भेजा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटना दोबारा न हो। लोगों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी कोई और बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता देने की भी मांग की है।
