ग्राम मझरिया में धूमधाम से मनाया गया भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, जयकारों से गूंज उठा कथा पंडाल
मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। मिर्जापुर क्षेत्र के ग्राम मझरिया में देवी माता रानी के स्थान पर ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन बुधवार की रात्रि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा का वर्णन हुआ, वैसे ही पूरा कथा पंडाल नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा।
कथा व्यास समर चैतन्य जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की पावन कथा का विस्तार से वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म और अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान धर्म की स्थापना और भक्तों के कल्याण के लिए अवतार लेते हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों के माध्यम से धर्म, सत्य, प्रेम, करुणा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर कथा स्थल का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और भगवान के जयकारों के साथ जन्मोत्सव का आनंद लिया। कथा सुनने के लिए ग्राम मझरिया सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं क्षेत्रवासी पहुंचे। सभी श्रद्धालुओं ने बड़े ही श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ श्रीमद्भागवत कथा का रसपान किया।
आयोजन के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालु बढ़-चढ़कर सहभागिता कर रहे हैं। कथा के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश भी देखने को मिल रहा है।
श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव ने श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। देर रात तक कथा स्थल पर भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए।


