सीएम योगी के आगमन से पहले निरीक्षण में जुटा प्रशासन, आज नूरानपुर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी के आगमन से पहले निरीक्षण में जुटा प्रशासन, आज नूरानपुर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

हेलीपैड से लेकर कथा पंडाल तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को रात तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश

बीसलपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। दियोरिया कलां थाना क्षेत्र के ग्राम नूरानपुर स्थित गोरक्ष पीठ आश्रम के शिव मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के समापन दिवस पर ब्रह्मलीन महंत योगी शांतिनाथ की पुण्य स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 3 नवंबर को पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सोमवार को मंडलायुक्त शंभू कुमार और पुलिस उप महानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन हेलीपैड, मंदिर दर्शन व्यवस्था, कथा पंडाल, टेंट, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां सोमवार रात तक हर हाल में पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले कोई भी कार्य अधूरा नहीं रहना चाहिए।

दोपहर 12:05 बजे नूरानपुर पहुंचेगा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दोपहर लगभग 12:05 बजे हेलीकॉप्टर से नूरानपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर हेलीपैड से लेकर कथा पंडाल तक व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हैं।