बुलंदशहर: SSP दिनेश कुमार सिंह ने यातायात माह नवंबर- 2026 की जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी, दिलाई यातायात नियमों की शपथ

बुलंदशहर: SSP दिनेश कुमार सिंह ने यातायात माह नवंबर- 2026 की जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी, दिलाई यातायात नियमों की शपथ


बुलंदशहर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह द्वारा आज दिनांक 01.11.2026 को रिजर्व पुलिस लाइन में यातायात माह नवंबर-2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। एसएसपी महोदय ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई।

अभियान के अंतर्गत आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों एवं छत्रपति शिवाजी, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं तथा एनसीसी कैडेट्स द्वारा एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली रिजर्व पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर काला आम चौराहा, डीएम रोड एवं खालसा तिराहा होते हुए पुनः रिजर्व पुलिस लाइन पर संपन्न हुई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों के नारों वाली तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया।

इस अवसर पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि यातायात माह प्रत्येक वर्ष लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि हमारे जीवन की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवर स्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना और नशे में वाहन चलाने जैसी लापरवाहियों से बचना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित यात्रा की आदत अपनानी चाहिए।

इस दौरान एसएसपी द्वारा उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स एवं आमजन को यातायात नियमों का पालन करने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलायी गयी। साथ ही जनपदवासियों से अपील की गई कि वे सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय, पुलिस अधीक्षक अपराध नरेश कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर प्रखर पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर सुजीत कुमार उपाध्याय, प्रभारी यातायात राजपाल तोमर व अन्य अधिकारीगण/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।