शटल सुविधा बंद, 4.5 घंटे ठप रही फरीदाबाद की सिटी बस सेवा
शटल सुविधा बंद, 4.5 घंटे ठप रही फरीदाबाद की सिटी बस सेवा
फरीदाबाद । सिटी बस सेवा बुधवार सुबह अचानक ठप हो गई और करीब साढ़े चार घंटे तक एक भी बस डिपो से बाहर नहीं निकल सकी। FMDA द्वारा गुरुग्राम से बल्लभगढ़ डिपो तक कर्मचारियों को लाने वाली शटल सुविधा बंद किए जाने के बाद अधिकांश ड्राइवर और कंडक्टर समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाए। इसी कारण सुबह 6 बजे शुरू होने वाली बसें लगभग 10:30 बजे के बाद ही अपने रूटों पर लौट सकीं।
शटल सेवा बंद किए जाने से नाराज ड्राइवर और कंडक्टरों ने सुबह गुरुग्राम डिपो पर ही हड़ताल कर दी। कर्मचारियों का कहना था कि वे अधिकतर गुरुग्राम में रहते हैं और शटल के बिना ड्यूटी पर पहुँचना लगभग असंभव है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कन्वेंस सुविधा बहाल होने तक वे काम शुरू नहीं करेंगे।
स्थिति बिगड़ते देख अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बैठक हुई, जिसमें FMDA अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। आश्वासन के बाद सभी कंडक्टर करीब 10:30 बजे बल्लभगढ़ डिपो पहुंचे और इसके बाद धीरे-धीरे बसों का संचालन शुरू किया गया।
FMDA फिलहाल शहर के 10 रूटों पर 50 बसें चलाता है, जिनसे रोजाना ढाई से तीन हजार यात्री सफर करते हैं। बुधवार सुबह सेवा बाधित होने से हजारों यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि कॉलेज और स्कूल जाने वाले छात्र सबसे अधिक प्रभावित रहे।
