भारी अव्यवस्थाओं के बीच संपन्न हुआ ‘बूगी वूगी–2’ महोत्सव विलौबी मेमोरियल हॉल में दो दिवसीय आयोजन, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन लखीमपुर खीरी।

शहर के विलौबी मेमोरियल हॉल में आयोजित दो दिवसीय ‘बूगी वूगी–2’ महोत्सव आज सम्पन्न हो गया। कार्यक्रम का सफल संचालन अरविंद ओझा द्वारा किया गया। हालांकि, रंगारंग प्रस्तुतियों और बच्चों की प्रतिभा के बीच कार्यक्रम में कई गंभीर अव्यवस्थाएं भी सामने आईं, जो आयोजन की व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चों को पानी के लिए इधर-उधर भटकते देखा गया, जिससे अभिभावकों में नाराजगी देखी गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बच्चों को दिए गए मोमेंटो पर कहीं भी ‘बूगी वूगी–2’ का नाम अंकित नहीं था, बल्कि साधारण मोमेंटो ही प्रदान किए गए, जिससे आयोजन की पहचान पर भी प्रश्नचिह्न लगा।इसके अलावा कार्यक्रम को बीच-बीच में रोककर सम्मान पत्र वितरण किया गया, जिसके चलते मनोरंजन के उद्देश्य से आए अतिथियों में अफरा-तफरी और असहजता की स्थिति बन गई। दर्शकों का ध्यान बार-बार भंग होने से कार्यक्रम की लय प्रभावित हुई।इन अव्यवस्थाओं के बावजूद बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। बच्चों के गायन और नृत्य ने सभागार में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और जमकर तालियां बटोरीं।कार्यक्रम में अजमानी इंटरनेशनल स्कूल की मैनेजिंग डायरेक्टर, शिशु वाटिका मंदिर के प्रधानाचार्य हीरा सिंह, समाजसेवी राम मोहन गुप्ता, मयूरी नगर से रश्मि महेंद्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की कुल मिलाकर, ‘बूगी वूगी–2’ महोत्सव बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों के लिए याद किया जाएगा, लेकिन आयोजकीय अव्यवस्थाएं भविष्य में सुधार की स्पष्ट मांग करती नजर आईं